महू: थाना बड़गोंदा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बायपास (4 लेन) पर स्थित जम्मू एंड कश्मीर ढाबे पर तहसील प्रशासन में एक बड़ी कार्रवाई की है. यहां पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में अवैध डीजल और पेट्रोल जब्त किया. एसडीएम राकेश परमार और तहसीलदार विवेक सोनी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में लगभग 3500 लीटर डीजल-पेट्रोल बरामद किया गया. इसके बाद ढाबे को सील कर दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, एसडीएम राकेश परमार, तहसीलदार विवेक सोनी और नायब तहसीलदार दिलीप द्विवेदी की टीम ने अचानक दबिश दी. मौके पर ढाबा संचालक राधेश्याम शर्मा, निवासी नांदेड़, अवैध रूप से भंडारित ईंधन का कोई रिकॉर्ड या रसीद प्रस्तुत नहीं कर पाया. इधर, जांच में पता चला कि जहां पेट्रोल और डीजल का अवैध भंडारण किया गया था, उसके आसपास ही शौचालय बने हुए थे. इसके अलावा, मौके पर कुछ लोग सिगरेट और बीड़ी पीते हुए तथा नहाते हुए भी दिखाई दिए. प्रशासन ने इसे एक बड़े हादसे या जनहानि का कारण बन सकने वाला गंभीर कृत्य बताया.
खाद्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया
एसडीएम राकेश परमार ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि ढाबे के पास एक बंद कमरे में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल रखा है. सूचना सही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की गई. मौके पर रखे डीजल और पेट्रोल को जब्त कर लिया गया, पटवारी द्वारा पंचनामा बनाया गया और सुरक्षा मानकों को देखते हुए ढाबे को सील कर दिया गया. खाद्य विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया.
