अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और उपयोग पर नहीं लग पा रही रोक

इंदौर: शहर में अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों तथा नशा कर अपराध करने की प्रवृत्ति पर नियंत्रण तथा नशे के दुष्परिणाम के बारे में जागरूकता लाने एवं नशे की लत से लोगों को दूर करने के लिए चलाई गई नशे पर वार मुहिम ज्यादा असरदार साबित नहीं हो पाई, नतीजतन आज भी शहर भर में किसी न किसी रूप में नशा बेचा और किया जा रहा है.

नशे का कारोबार एवं नशा करने का मामला वार्ड एक एवं दो क्षेत्र से भी सामने आया है. इन वार्डों में चंदन नगर, गीता नगर, डायमंड पैलेस, सन्नी गार्डन आदि क्षेत्र आते हैं. जागरूक रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र में नशीला पदार्थ धड़ल्ले से बिक रहा है, वहीं क्षेत्र में कई मेडिकल स्टोर ऐसे भी हैं, जहां मेडिकल संचालक खांसी की सिरप भी बिना डॉक्टरी पर्चे के बेखौफ बेच रहे हैं. कई नशेड़ी खांसी की सिरप का नशा के रूप में उपयोग कर रहे हैं.

बताया जाता है कि इन मेडिकल स्टोर्स से नशा करने वाले खांसी की सिरप बड़ी तादाद में खरीद रहे हैं. नशा करने वालों में 16 वर्ष से लेकर अधिक उम्र के बच्चे-पुरुष शामिल हैं. आज से पहले भी नवभारत ने खबर के साथ फोटो प्रकाशित किए थे, जिसमें यह साफ दिखाई दे रहा था कि 10 से 14 वर्ष के बच्चे खुलेआम सिगरेट और ज्वाइंटर का नशा कर रहे हैं. लेकिन, चंदन नगर पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है. पुलिस की अनदेखी को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
यह बोले रहवासी…
क्षेत्र में हर तरह का नशा आम बात को चली है. अगर शासन-प्रशासन अपनी तरफ से सख्ती बरते तो नशे पर वार अभियान कामयाब हो सकता है. हम इस अभियान में साथ हैं.
– अयाज पहलवान राजू
वैसे तो नशे के अलग-अलग पदार्थ बिक रहे हैं और लोग उसका सेवन भी कर रहे हैं, जहां तक दवाइयों का सवाल है तो मेडिकल स्टोर एवं नशे के लिए उपयोग की जाने वाली दवाइयों पर कड़ी पाबंदी के साथ नजर रखी जानी चाहिए.
– शहजाद पठान
बात एक क्षेत्र की नहीं, पूरे देश की है. नशा मुक्त भारत होना चाहिए, इससे नई पीढ़ी को अंधकार में जाने से बचाया जा सकता है. क्षेत्र की पुलिस कड़े कदम उठा कर कार्रवाई करे.
– सोहेल पठान, सचिव, सर्व धर्म संघ

Next Post

मुंबई सेंट्रल-इंदौर तेजस स्पेशल के फेरे बढ़े

Tue Dec 30 , 2025
इंदौर: यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को देखते हुए मुंबई सेंट्रल और इंदौर के बीच चलने वाली तेजस सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के फेरों को आगे तक बढ़ाने का फैसला किया है.मुंबई सेंट्रल से इंदौर के बीच संचालित 09085/09086 तेजस सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के फेरे पुनः विस्तारित किए हैं. पश्चिम […]

You May Like