सुशांत सिंह की बर्थ एनिवर्सरी पर उनके संघर्ष और सफलता की कहानी याद की जा रही है। सुशांत ने अपनी मेहनत और टैलेंट से अलग पहचान बनाई, जो आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करती है।
दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की आज बर्थ एनिवर्सरी है। सुशांत का जन्म 21 जनवरी 1986 को बिहार के मलडीहा में हुआ था। वे चार बहनों के इकलौते भाई थे और परिवार में सभी के बेहद चहेते थे। सुशांत का बचपन पढ़ाई, अनुशासन और सपनों के बीच बीता। हालांकि उनकी जिंदगी में शुरुआती दौर से ही कई उतार-चढ़ाव आए। साल 2002 में उनकी मां का निधन हो गया, जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया। इसके बाद परिवार दिल्ली शिफ्ट हुआ, हालांकि कुछ समय बाद वे वापस पटना लौट आए।
सुशांत पढ़ाई में असाधारण रूप से तेज थे। उन्होंने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक जेईईई (IIT-JEE) में ऑल इंडिया 7वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (DCE) में दाखिला लिया। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान ही उन्हें एहसास हो गया था कि उनका सपना किसी कॉरपोरेट ऑफिस में बैठना नहीं, बल्कि कैमरे के सामने अपनी पहचान बनाना है। इसी सपने के चलते उन्होंने तीसरे साल में इंजीनियरिंग छोड़ दी और अभिनय की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया।
