
सिंगरौली । शहर में सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए ननि आयुक्त सविता प्रधान ने मॉडल रोड के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मॉडल रोड का बंद निर्माण कार्य तत्काल पुन: प्रारंभ कराकर सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं।
ननि आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब या लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मॉडल रोड के निर्माण एवं मरम्मत कार्य की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप ही निर्माण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल सर्वे कराकर मरम्मत एवं पैचवर्क प्रारंभ करने तथा नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों पर प्राथमिकता से कार्य कराने एवं मॉडल रोड के साथ आवश्यक स्थानों पर पौधारोपण कराने के भी निर्देशित किया।
