
सिंगरौली । मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत सिंगरौली से माँ कामाख्या माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जत्था आज मंगलवार को रवाना हुआ। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह रेलवे स्टेशन पहुंचे और तीर्थयात्रियों से भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने विधिवत श्रद्धालुओं के चरण धोकर चंदन-तिलक लगाया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। विधायक ने कहा कि तीर्थयात्री उनके लिए केवल यात्री नहीं, बल्कि ईश्वर के स्वरूप हैं।
उनके चरणों में सेवा करने और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर उनके लिए सौभाग्य एवं संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन कराने वाली महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। उन्होंने माँ कामाख्या धाम की यात्रा पर जा रहे सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा सुखद, मंगलमय और सुरक्षित होने की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि माँ कामाख्या माता की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण हों। इस अवसर जिले के संगठन प्रभारी विनोद यादव, ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय, विपिन सिंह एवं अनिल शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
