
ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में डिलीवरी बॉय विवेक मीणा की गोली मारकर हत्या के बाद शहर में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार शाम बड़ी संख्या में बाड़े पर प्रदर्शन किया और हत्याकांड में फरार तीनों आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। हाथों में पोस्टर और केंडल लेकर प्रदर्शनकारियों ने विवेक मीणा उर्फ गोलू को इंसाफ दो और तीनों का एनकाउंटर जैसे नारे लगाए।
27 अगस्त की रात आनंद नगर चौराहे पर मोमोज के ठेले पर हुए विवाद के दौरान 28 वर्षीय विवेक मीणा को सिर में गोली मार दी गई थी। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार तीन लोगों के ठेले पर पहुंचने और विवाद के बाद विवेक को गोली मारकर भागते हुए घटनाक्रम की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामले में लाला अग्रवाल, राहुल यादव और सौरभ यादव को आरोपी बनाया है। हत्या के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों और समर्थकों ने सड़क पर प्रदर्शन और चक्काजाम भी किया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने के बाद हल्का बल प्रयोग कर जाम खुलवाया था। पुलिस ने फरार तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है और उनकी तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
