विकास कार्यों में लापरवाही नहीं बर्दाश्त की जाएगी: डॉ.राजेश मिश्रा

सीधी। सांसद डॉ.राजेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों एवं केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

सांसद ने रेलवे अधिकारियों को दिसंबर 2026 तक सीधी जिला मुख्यालय में रेल संचालन प्रारंभ करने के लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा वर्ष 2027 तक प्रत्येक घर में शुद्ध पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। बैठक के प्रारंभ में सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण किया गया। सांसद ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में एंबुलेंस संचालन की नियमित निगरानी, संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहन, आयुष्मान आरोग्य केन्द्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सडक़ निर्माण एजेंसियों को जिले की खराब सडक़ों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने तथा सीधी शहर की सडक़ों का मरम्मतीकरण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। ब्रिज विभाग को लंबित पुल निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने और पुराने पुलों के आवश्यक संधारण पर ध्यान देने को कहा गया। विद्युत विभाग की समीक्षा में शेष घरों का विद्युतीकरण शीघ्र पूरा करने तथा ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करने तथा विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

दिसंबर तक सीधी रेल संचालन शुरू करने पर जोर

रेलवे विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि दिसंबर 2026 तक सीधी जिला मुख्यालय में रेल संचालन प्रारंभ करना प्राथमिकता है। इसके लिए शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण एवं अन्य प्रक्रियाओं में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए।

2027 तक हर घर पहुंचे शुद्ध पेजयल

नल-जल योजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने वर्ष 2027 तक प्रत्येक घर में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के निर्माण एवं संचालन की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में शौचालयों की साफ-सफाई एवं क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

धौंहनी विधायक ने उठाई क्षेत्रिय समस्याएं

बैठक में विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम ने अपने विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं, विकास कार्यों एवं मूलभूत सुविधाओं से संबंधित आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने क्षेत्र में सडक़, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता एवं उनसे जुड़ी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया।

Next Post

स्वदेशी अपनाकर ही आत्मनिर्भर और मजबूत बनेगा भारत: रामेश्वर शर्मा

Sat Oct 31 , 2026
भोपाल। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को स्वदेशी वस्तुएं अपनानी होंगी। स्वदेशी केवल भाषणों तक सीमित न रहे, बल्कि इसे दैनिक जीवन, खान-पान और व्यवहार में भी उतारना होगा। वे शनिवार को भोपाल के शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय […]

You May Like