पटना, 01 मार्च (वार्ता) रंगो के त्योहार होली को लेकर बिहार की राजधानी पटना के बाजार में रौनक देखने को मिल रही है।
चार मार्च को होली का त्योहार मनाया जायेगा। रंगों के उत्सव होली का एक अलग ही महत्व है। यही वजह है कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के लोग इस त्योहार को बड़े ही उत्साह से मनाते हैं और पारंपरिक होली गीत गाकर एक-दूसरे के साथ रंग-गुलाल खेलते हैं। रंगों का पर्व होली को लेकर पटना में होली का बाजार रंग-गुलाल, पिचकारी और मुखौटों से सज चुका है।सुबह से ही लोगों की भीड़ बाजारों में देखते ही बन रही है। युवा और छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग जमकर खरीददारी करने में जुटे हुए हैं। रंग-गुलाल, पिचकारी, कपड़े, किराना सामान, मेवा की खरीददारी तेज है। होलिका दहन की पूजा के लिए भी पूजन सामग्री की भी खरीदारी लोग कर रहे हैं।
बाजारों में रंग-बिरंगे अबीर एवं गुलाल की धूम है।खरीदारों की बढ़ती संख्या से बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं। होली के त्योहार को देखते हुए विशेष तैयारियां की गई हैं।होली के दौरान उपयोग की जाने वाली अन्य सामग्री से भी बाजार भरे-पड़े हैं। इस बार बच्चों के लिए खास पिचकारियां मार्केट में उपलब्ध हैं।
पिचकारी बाजार में चीन के साथ ही देशी उत्पाद भी सजाए गए हैं। ग्राहकों की भीड़ से बाजारों में बढ़ी रौनक से कारोबारी उत्साहित हैं। बच्चे से युवक तक हर कोई अपनी पसंद की पिचकारी ले रहे हैं। चीन निर्मित पिचकारियों से बाजार पट गया है। हर आकर की पिचकारी बाजार में उपलब्ध है। आरारोट एवं हर्बल सुगंधित गुलाल एवं अबीर की कई वैरायटिया बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध है।
स्पाइडर-मैन, डोरेमोन, छोटा भीम, वीर हनुमान, आयरन मैन जैसे कार्टून किरदारों वाली पिचकारियां बच्चों में खासा पॉपुलर हो रही हैं। इसके अलावा, गुलाल फायरो गन भी इस बार बाजार में आयी है, जिसे फायर करने पर बंदूक से गुलाल निकलता है। इस उत्पाद की कीमत 200 रुपये से लेकर 600 रुपये तक है।आरारोट एवं हर्बल सुगंधित गुलाल एवं अबीर की कई वैरायटी बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध है।
पिचकारियां 15 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक उपलब्ध हैं। वाटर टैंक पिचकारियां 100 से 800 रुपये, फैन्सी पिचकारियों के दर्जन की कीमत 250 से 1000 रुपये है। एयर गन 150 से 500 रुपये, सिलेंडर पिचकारी 650 से 1500 रुपये और बैट्री ऑपरेटेड पिचकारी 450 से 750 रुपये में मिल रही हैं।
