रीवा: मऊगंज जिले के देवतालाब क्षेत्र में बुधवार को जीएसटी एंटी इवेजन ब्यूरो की टीम ने विश्वकर्मा फर्नीचर एण्ड बिल्डिंग मटेरियल प्रतिष्ठान में छापामार कार्यवाही की थी. दूसरे दिन भी कार्यवाही जारी रही. रात में प्रतिष्ठान को सीज कर दिय गया और अब शुक्रवार को कार्यवाही तीसरे दिन शुरू की जाएगी. संयुक्त आयुक्त राकेश साल्वी के निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर उमेश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में कार्यवाही दो दिन से चल रही है.
लोहा के बड़े कारोबारी शिवेन्द्र कुमार वर्मा के फर्म विश्वकर्मा फर्नीचर एण्ड बिल्डिंग मटेरियल पर कर अपवंचन को लेकर टीम द्वारा दुकान और गोदाम में कार्यवाही शुरू की गई. बुधवार की दोपहर सतना एवं रीवा की संयुक्त टीम द्वारा कार्यवाही सहायक आयुक्त अभिनव त्रिपाठी एवं राजीव गोयल के नेतृत्व में शुरू की गई.
रात में कार्यवाही पूरी नही हुई, जिसके चलते सीज करना पड़ा और गुरूवार को सुबह से पुन: कार्यवाही शुरू की गई जो रात तक चली. सामान की गडऩा न हो पाने के कारण रात को कार्यवाही बंद कर दी गई और शुक्रवार को पुन: कार्यवाही शुरू की जाएगी. लाखो का कर अपवंचन मिलने की उम्मीद है. खरीद-बिक्री के कागजात खंगाले गये है और प्रारंभिक जांच में कर चोरी होने की संभावना मिली है.
