नयी दिल्ली, 01 मार्च (वार्ता) महाराष्ट्र के नागपुर में एक्सप्लोसिव फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 15 लोगों की माैत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि नागपुर में फैक्ट्री विस्फोट की घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता में जुटा है। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक के निकट संबंधी को दो लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जायेगी।
