
भोपाल: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ राजनेता स्वर्गीय अर्जुन सिंह की जयंती पर 5 नवंबर को राजधानी भोपाल में “अर्जुन सिंह अलंकरण समारोह” का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम रवीन्द्र भवन स्थित रत्नाकाश मंच पर शाम आठ बजे से प्रारंभ होगा। इस अवसर पर सर्वेश्वर संग्रहालय के संस्थापक डॉ. श्रीधर, वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद विजयवर्गीय, पूर्व ओलिंपिक खिलाड़ी अशोक ध्यानचंद, कलाकार प्रमिला हरीचंदनसिंह भट्टाचार्य और लोकगायक हाकी हेमलाल सिंह गोंडपारिया को “अर्जुन सिंह अलंकरण” से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय स्तर पर मुशायरा और कवि सम्मेलन भी आयोजित होगा, जिसमें प्रसिद्ध शायर ताजवर ठगरी (मेरठ), हर फराज़ (रामपुर), पॉपुलर मेरठी (मुंबई), खालिद हैदर (मुरादाबाद), मुमताज़ नसीम (बिजनौर), नसीर कुशदल बलाल सहारनपुरी (सहारनपुर) और तबरेज़ मुनव्वर राणा (लखनऊ) अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नीथला करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि अमेठी के सांसद किशोरलाल शर्मा होंगे। विशेष अतिथि के रूप में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आरिफ नसीम खान और भोपाल के विधायक आरिफ मसूद मौजूद रहेंगे।
आयोजन समिति के संरक्षक अजय सिंह ‘राहुल भैया’ और अध्यक्ष डॉ. महेश सिंह चौहान ने बताया कि समारोह में देशभर के गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। अर्जुन सिंह को सदैव समाज के वंचित, आदिवासी, पिछड़े वर्ग और कला-संस्कृति के हितैषी के रूप में याद किया जाता है।
