सूने मकान से 3 लाख कैश और लाखों के जेवरात ले गए चोर

जबलपुर। माढ़ोताल थाना अंतर्गत स्टार सिटी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित परिवार अपनी बीमार भाभी को देखने सागर गया हुआ था, इसी बीच सूने मकान का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी के लॉकर में रखे 3 लाख रुपये नगद समेत भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात समेट ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, जितेन्द्र सिंह बैस (35) माढ़ोताल के स्टार सिटी फेस 4, गली नंबर 4 में किराए के मकान में रहते हैं। बीती 5 सितंबर को जितेन्द्र को सूचना मिली कि सागर में रहने वाली उनकी भाभी प्रतिमा का स्वास्थ्य काफी खराब है। खबर मिलते ही जितेन्द्र अपने परिवार सहित मकान में ताला लगाकर तुरंत सागर के लिए रवाना हो गए। जब जितेन्द्र अपने परिवार के साथ वापस जबलपुर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मकान मालकिन प्रतिभा पटेल ने उन्हें फोन किया। मालकिन ने बताया कि उनके कमरे के मेन गेट का ताला टूटा हुआ है। यह सुनते ही पीड़ित परिवार के होश उड़ गए और वे आनन-फानन में घर पहुंचे। जितेन्द्र ने घर के भीतर जाकर देखा तो मेन गेट के साथ-साथ अंदर के कमरों के दरवाजे के ताले भी टूटे हुए थे। कमरों में रखी अलमारियों के लॉकर कटर या किसी भारी औजार से काटे गए थे। चोरों ने अलमारी में रखे उनकी पत्नी गरिमा चौहान के सोने-चांदी के कीमती जेवरात साफ कर दिए थे। अलमारी में रखे 3,00,000 रुपये नगद भी ले गए। पुलिस की टीम घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

Next Post

भोपाल में बारिश बनी आफत! क्या कैचमेंट में निर्माण है जिम्मेदार ?  

Tue Sep 8 , 2026
भोपाल। भारी बारिश के बाद जलभराव क्यों होता है? क्या कलियासोत और बड़ा तालाब के कैचमेंट में हो रहा निर्माण इसकी बड़ी वजह है? राजधानी में बारिश के बाद जलभराव की समस्या एक बार फिर चर्चा में है। हालही में भोपाल के कोलार इलाके में स्प्रिंगवैली अपार्टमेंट की दीवार गिरने […]

You May Like