सीधी का शानदार परीक्षा परिणामः 12वीं में प्रदेश में 5वां, 10वीं में 14वां स्थान; दोनों में संभाग में प्रथम

सीधी । माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में सीधी जिले ने इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 90 प्रतिशत रहा, जो गत वर्ष की तुलना में 6 प्रतिशत अधिक है। इस उपलब्धि के साथ सीधी जिले ने प्रदेश में 5वां स्थान प्राप्त करते हुए संभाग में प्रथम स्थान हासिल किया। इसी प्रकार कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 81.61 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1 प्रतिशत अधिक है। कक्षा 10वीं में सीधी जिला प्रदेश में 14वें स्थान पर रहा तथा संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

राज्य प्रावीण्य सूची में विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

कक्षा 10वीं की राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में जिले के 15 विद्यार्थियों ने स्थान बनाकर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 सीधी के अभय गुप्ता ने प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में अनन्या वर्मा, सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीधी ने तृतीय स्थान, आयुष द्विवेदी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पथरौला ने पांचवां स्थान, प्रिंस पटेल, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 सीधी ने छठवां स्थान तथा सत्यम गुप्ता, डीवीएस पब्लिक हाईस्कूल पड़रा ने सातवां स्थान प्राप्त किया। आठवें स्थान पर मनीष गुप्ता, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पथरौला एवं कु. ओमिका शुक्ला, शिवम पब्लिक हाईस्कूल बड़खरा रहे। नौवें स्थान पर अभिषेक सिंह चौहान, होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल सीधी एवं कु. अनन्या विश्वकर्मा, सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मड़रिया ने स्थान प्राप्त किया। दसवें स्थान पर ज्ञान प्रकाश पटेल, गांधी हाईस्कूल सीधी, चौतन्य सिंह चौहान, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 सीधी, कु. अपेक्षा मिश्रा, रितिक रोशन गुप्ता, अभ्युदय नवैत (सभी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पथरौला) एवं सागर गुप्ता, सांदीपनि बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मझौली शामिल रहे।

हायर सेकेंडरी में लवकुश को 10 वां स्थान-

कक्षा 12वीं की राज्य प्रावीण्य सूची में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टिकरी के लवकुश तिवारी ने प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है।

यूपीएससी की तैयारी करने का मन-अभय गुप्ता

 

माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हाई स्कूल परीक्षा परिणाम में सीधी जिले के छात्र- ने टॉप टेन सूची में अपना नाम दर्ज करने में सफल रहे हैं जिसमें से शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 सीधी के अभय गुप्ता ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है ।अभय गुप्ता ने कहा कि मेरी पढ़ाई शासकीय विद्यालय में हुई है हॉस्टल में रहते हुए मैंने खेलकूद के साथ पढ़ाई किया है रात के समय ज्यादा पढ़ाई पर ध्यान देता था मध्य प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल हुआ है इसमें मेरे माता-पिता एवं गुरु जनो का आशीर्वाद है। अब आगे यूपीएससी की तैयारी करने का मन है इस सपने को भी मुझे पूरा करना है।

शिक्षक बनने का लक्ष्य लेकर तैयारी- लवकुश

हायर सेकेंडरी परीक्षा में सीधी जिले से प्रदेश मैरिट में इकलौते स्थान पाने वाले शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टिकरी के छात्र लवकुश तिवारी ने कहा कि उन्हें गणित संकाय से 10 वां स्थान मिला है। उनके पिता संतोष तिवारी किसान हैं तथा मां हाउस वाइफ है। उनका लक्ष्य है कि आगे शिक्षक बनें। इसी को लेकर आगे की तैयारी रहेगी। इन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता- पिता एवं शिक्षकों को दिया है।

Next Post

नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का शुभारंभ, सीएम डॉ यादव ने की शुरुआत 

Wed Apr 15 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राजधानी के रवींद्र भवन में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम प्रबुद्ध जन सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश भर से आए प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं की […]

You May Like