
इंदौर. पिगडंबर स्थित सनफ्लावर वैली में प्लॉट का सौदा कर गुजरात की महिला से 31 लाख 29 हजार रुपए से अधिक लेने के बाद न कब्जा दिया और न रकम लौटाई. शिकायत के बाद किशनगंज पुलिस ने सनफ्लावर वैली एपेक्स डेवलपर के कर्ताधर्ता और प्रॉपर्टी ब्रोकर संतोष के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है.
गांधीनगर, गुजरात निवासी रामादेवी पति उमाशंकर प्रसाद ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उन्हें पिगडंबर स्थित सनफ्लावर वैली में प्लॉट दिखाया था. प्लॉट पसंद आने के बाद सौदा तय हुआ और आरोपियों ने अलग अलग किस्तों में उनसे 31 लाख 29 हजार रुपए से अधिक की राशि ले ली. रकम लेने के बाद जब उन्होंने प्लॉट का कब्जा और रजिस्ट्री कराने की बात कही तो आरोपी लगातार भरोसा दिलाते रहे. समय बीतने के बाद भी महिला को न प्लॉट का कब्जा दिया गया और न रजिस्ट्री कराई गई. रुपए वापस मांगने पर भी रकम नहीं लौटाई गई. इसके बाद महिला ने किशनगंज थाने में शिकायत की. पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद डेवलपर के कर्ताधर्ता और ब्रोकर संतोष के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
