ग्वालियर: जिले में मनचले कॉलेज टीचर की करतूत को कॉलेज की ही एक छात्रा ने उजागर किया। मामला ग्वालियर का है जहां मनचला टीचर छात्रा को कभी गुलाब देता तो कभी बेड टच करता था। टीचर ने सारी हदें पार करते हुए छात्रा को खजुराहो ले जाने का दबाव बनाया तो मामला पुलिस के पास पहुंचा। यहां छात्रा की शिकायत पर पुलिस और कॉलेज प्रबंधन ने आरोपी टीचर के खिलाफ एक्शन लेने की बात कही।
नई सड़क स्थित माधव कॉलेज की छात्रा ने थाना जनकगंज पुलिस को एक शिकायत की। वह कॉलेज में कैडेट है और टीचर दिनेश सिंह कुशवाह उसे पिछले 6 माह से काफी परेशान कर रहे हैं। पीड़ित छात्रा का आरोप है कि टीचर दिनेश उसके साथ अश्लील अभद्रता, कभी अकेले में बुलाकर गुलाब का फूल देकर अश्लील इशारे तो कभी बेड टच करता है। विरोध करने पर कॉलेज से निकालने की धमकी देता है।
पीड़ित छात्रा का यह भी आरोप है कि मेरे साथ कई और छात्राएं भी टीचर दिनेश की हरकतों से परेशान हैं। हद तो तब हुई जब आरोपी टीचर ने छात्रा को बैड टच करते हुए उसे अकेले खजुराहो ले जाने की फरमाईश रख दी। इसके बाद पीड़ित छात्रा ने अपने परिजनों को टीचर की करतूत बताई और कॉलेज प्रबंधन और पुलिस में शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रबंधन ने आरोपी टीचर के खिलाफ निलबंन की करवाई शुरू कर दी। वहीं, पुलिस का भी कहना है कि छात्रा ने लिखित में शिकायत की है। उसकी शिकायत पर कॉलेज में जांच कमेटी बनाई गई। पुलिस भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पूरे मामले की जांच कर रही है।
