पिस्टल लेकर घूम रहा था, साथी की स्कूटी से निकले चार हथियार

इंदौर. क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों की तस्करी और परिवहन के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक आरोपी के पास पिस्टल मिली, जिसने पूछताछ में अपने साथी के पास हथियार होने की जानकारी दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्कूटी की डिक्की से तीन पिस्टल, एक कट्टा और चार कारतूस बरामद किए.

क्राइम ब्रांच की टीम 2 सितंबर को क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि न्यू आजाद नगर निवासी मो. शादाब खान पिस्टल लेकर घूम रहा है, टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा. पूछताछ में शादाब ने बताया कि उसका साथी आरिफ खान दस्तूर डिलाइट गार्डन के पीछे मैदान में स्कूटी के साथ खड़ा है और उसके पास अवैध हथियार हैं. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आजाद नगर निवासी आरिफ खान को सुजुकी एक्सेस स्कूटी के साथ पकड़ लिया. स्कूटी की सीट के नीचे बनी डिक्की की तलाशी लेने पर तीन देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस मिले, बरामद पिस्टलों में दो पर मैगजीन लगी हुई थी. हथियार रखने का लाइसेंस नहीं मिलने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर हथियार और स्कूटी जब्त कर ली. शादाब 10वीं तक पढ़ा है और गाड़ियों में डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता है, जबकि आरिफ आठवीं तक शिक्षित है और टायर रिमोल्डिंग का काम करता है.

दोनों के खिलाफ पहले भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. शादाब के खिलाफ तुकोगंज थाने में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी का मामला दर्ज है, जबकि आरिफ के खिलाफ आजाद नगर थाने में जुआ एक्ट का प्रकरण दर्ज है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि हथियार दोनों तक कहां से पहुंचे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था. डीसीपी राजेश त्रिपाठी का कहना है कि आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

सात पिस्टल और एक कट्टा जब्त…

वर्ष 2026 में अब तक आर्म्स एक्ट के दो मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन कार्रवाई में सात देशी पिस्टल, एक कट्टा और आठ जिंदा कारतूस के साथ करीब सात लाख रुपए कीमत के हथियार और वाहन जब्त किए जा चुके हैं.

Next Post

चोरल में ट्रक की चपेट में आया एक्टिवा सवार युवक, मौत

Thu Sep 3 , 2026
इंदौर. राखी से जन्माष्टमी के बीच इंदौर के सीमावर्ती इलाकों की सड़कों पर हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है. चोरल में ट्रक की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया. इससे पहले भी पिगडंबर, भमोरी और दुधिया में ट्रक-बाइक […]

You May Like