
इंदौर. राखी से जन्माष्टमी के बीच इंदौर के सीमावर्ती इलाकों की सड़कों पर हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है. चोरल में ट्रक की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया. इससे पहले भी पिगडंबर, भमोरी और दुधिया में ट्रक-बाइक हादसों में छात्रों समेत तीन युवाओं की जान जा चुकी है.
सिमरोल थाना क्षेत्र के चोरल में यादव ढाबे के पास राजेंद्र नगर निवासी 18 वर्षीय धीरज पिता रमेश अपने साथी के साथ एक्टिवा से इंदौर की ओर आ रहा था. क्रॉसिंग पर मुड़ने के दौरान पास से गुजर रहे ट्रक का साइड से टक्कर लगने पर दोनों सड़क पर गिर गए. हादसे में धीरज को गंभीर चोट आई, उसका साथी उसे एंबुलेंस से अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है.
त्योहार के दौरान सीमावर्ती इलाकों में हुए हादसों पर नजर डालें तो पिगडंबर के पास मेडिकेप्स के छात्र अथर्व पिता अमित कटाने, निवासी छिंदवाड़ा, को ट्रक ने कुचल दिया था. भमोरी में 24 वर्षीय तरुणा यदुवंशी, निवासी रेहटी, सीहोर, ट्रक की चपेट में आ गई थी. तरुणा नीट की छात्रा थी और भाई पवन के साथ राखी मनाकर इंदौर लौट रही थी. दुधिया में 17 वर्षीय अभिषेक कजले, निवासी देवास, अपने जीजा हर्ष के साथ बाइक से इंदौर आ रहा था, तभी हादसे में उसकी भी मौत हो गई. अब चोरल में धीरज की मौत ने त्योहार के दौरान सीमावर्ती मार्गों पर बढ़ते हादसों को फिर सामने ला दिया है.
