
रीवा :एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर नहीं है। यहां से संचालित होने वाली फ्लाइटों के लगातार कैंसिल होने से यात्री परेशान हैं। दिल्ली फ्लाइट के निरस्त होने के बाद अब कोलकाता और भोपाल को जोड़ने वाली फ्लाइट भी रद्द कर दी गई है। इससे रीवा का हवाई कनेक्टिविटी प्रभावित हो रहा है।
क्यों रद्द हो रही हैं उड़ानें
सूत्रों के अनुसार रीवा से चलने वाला 72 सीटर एटीआर विमान तकनीकी और संचालन कारणों से उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। शुक्रवार को दिल्ली-रीवा सेक्टर की फ्लाइट नहीं उड़ी। इसका असर अगले रूट पर भी पड़ा। दरअसल यही विमान भोपाल से होते हुए कोलकाता तक जाता है और रात में कोलकाता से भोपाल होते हुए वापस रीवा आता है। एक जगह फ्लाइट रुकने से पूरा सर्किट बिगड़ रहा है।
सप्ताह में तीन दिन का शेड्यूल भी बिगड़ा
जानकारी के मुताबिक कोलकाता-भोपाल-रीवा फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होती है। शनिवार को यह सेवा निरस्त होने से इस रूट के सैकड़ों यात्रियों को दिक्कत हुई। कई यात्रियों ने पहले से होटल और आगे की ट्रेन बुक कर रखी थी, लेकिन अचानक मैसेज आया कि फ्लाइट कैंसिल है।
नाइट लैंडिंग के बाद बढ़ी थी उम्मीदें
रीवा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा शुरू होने के बाद इसे विंध्य का महत्वपूर्ण हवाई अड्डा माना जा रहा है। रीवा के साथ-साथ सतना, सीधी, सिंगरौली और यूपी के प्रयागराज तक के यात्री यहां से उड़ान भरने लगे हैं। दिल्ली, भोपाल और कोलकाता जैसे बड़े शहरों से सीधा जुड़ाव होने से यात्री संख्या में इजाफा हुआ था, लेकिन लगातार फ्लाइट कैंसिल होने से यात्रियों का भरोसा डगमगा रहा है।
यात्रियों ने मांग की है कि कंपनी वैकल्पिक व्यवस्था करे और कैंसिलेशन की सूचना पहले से दे ताकि उनका समय और पैसा बर्बाद न हो
