रीवा : त्योहारी सीजन में स्पेशल ट्रेनों के संचालन का असर रीवा आने वाली नियमित ट्रेनों पर पड़ रहा है। शनिवार को रीवा रेलवे स्टेशन पर आधा दर्जन ट्रेनें विलंब से पहुंचीं, जिसमें सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनें भी शामिल रहीं। ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेवांचल सुपरफास्ट सवा दो घंटे लेट
रानी कमलापति स्टेशन से आने वाली रीवा की सबसे महत्वपूर्ण ट्रेन रेवांचल सुपरफास्ट शनिवार को अपने निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंची। इस ट्रेन के सुबह 7:55 बजे रीवा पहुंचने का समय है, लेकिन यह करीब सवा 10 बजे के आसपास स्टेशन पहुंची। इसी तरह जबलपुर एक्सप्रेस भी अपने समय से लेट रही। इस ट्रेन का दोपहर पौने एक बजे पहुंचने का समय है, लेकिन यह पौने दो बजे रीवा आई।
मुंबई और अंबेडकर नगर की ट्रेनें भी घंटों देरी से
मुंबई से रीवा आने वाली ट्रेन भी शनिवार को लेट रही। इस ट्रेन का रीवा पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:45 बजे है, लेकिन यह दोपहर 12 बजे स्टेशन पहुंची। इसी तरह अंबेडकर नगर एक्सप्रेस भी सुबह 11:35 बजे की जगह दोपहर 2:25 बजे रीवा पहुंची, जिससे यात्री प्लेटफार्म पर इंतजार करते रहे।
शाम की ट्रेनें भी प्रभावित
सूत्रों के अनुसार एकता नगर सुपरफास्ट ट्रेन का रीवा पहुंचने का समय शाम साढ़े 5 बजे है, लेकिन शनिवार को यह शाम सवा 6 बजे के बाद पहुंची। वहीं जबलपुर से रीवा आने वाली इंटरसिटी ट्रेन भी पिछले कई दिनों की तरह शनिवार को भी विलंब से आई। इंटरसिटी सुपरफास्ट के रात 9:22 बजे पहुंचने का समय है, लेकिन यह रात करीब 11 बजे के आसपास रीवा रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
स्पेशल ट्रेनों के कारण बिगड़ा शेड्यूल
रेलवे सूत्रों के अनुसार त्योहारी सीजन को देखते हुए रेलवे ने बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। इसी वजह से रेगुलर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो रहा है। माना जा रहा है कि जब तक त्योहारी स्पेशल ट्रेनों का संचालन जारी रहेगा, तब तक रीवा आने वाली ट्रेनों का समय पर पहुंचना मुश्किल रहेगा। स्पेशल ट्रेनों के फेरे खत्म होने के बाद ही ट्रेनों की टाइमिंग में सुधार होने की उम्मीद है।
