मुंबई, 29 दिसंबर (वार्ता) मुथूट समूह की गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी-सूक्ष्म वित्त संस्थान (एनबीएफसी-एमएफआई) मुथूट माइक्रोफिन का व्यक्तिगत ऋण पोर्टफोलियो एयूएम 1,000 करोड़ रुपये को पार कर चुका है।
कंपनी ने सोमवार को बताया कि कंपनी का कुल एयूएम (प्रबंधनाधीन परिसंपत्ति) अब 13,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गया। व्यक्तिगत ऋण पोर्टफोलियो कंपनी के मुख्य माइक्रोफाइनेंस परिचालन का पूरक है।
मुथूट माइक्रोफिन के पास 30 सितंबर 2025 तक 33.6 लाख सक्रिय ग्राहक थे, जिन्हें 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों और 392 जिलों में फैली 1,718 शाखाओं के नेटवर्क के जरिये सेवा प्रदान की जा रही है। ग्रामीण और अर्ध-शहरी बाजारों पर कंपनी का विशेष ध्यान है।
मुथूट माइक्रोफिन के अध्यक्ष और गैर-कार्यकारी निदेशक, श्री थॉमस मुथूट ने कंपनी की विकास यात्रा के लिहाज से इस उपलब्धि को बेहद महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा, “माइक्रोफाइनेंस हमारे व्यवसाय की बुनियाद है, लेकिन व्यक्तिगत ऋण खंड में हमारे विस्तार का लक्ष्य है अपेक्षाकृत अधिक लचीला और संतुलित पोर्टफोलियो बनाना। यह प्रगति जिम्मेदार विकास, मजबूत संचालन और हमारे ग्राहकों तथा हितधारकों को स्थायी मूल्य प्रदान करने के प्रति हमारी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता की प्रतीक है।”
मुथूट माइक्रोफिन के मुख्य कार्यकारी सदफ सईद ने कहा, “हमारे व्यक्तिगत ऋण पोर्टफोलियो का निरंतर विस्तार मुख्य रूप से केंद्रित निष्पादन और अनुशासित जोखिम प्रबंधन का परिणाम है। इस पोर्टफोलियो का निर्माण अनुशासित क्रेडिट मूल्यांकन और दृढ़ संग्रह प्रक्रियाओं के आधार पर किया गया है, ताकि विस्तार के साथ स्वस्थ प्रदर्शन सुनिश्चित हो। बेहतर व्यावसायिक गति और मजबूत परिचालन ढांचे के साथ हमें भरोसा है कि हम गुणवत्ता-आधारित विकास को बनाये रखेंगे और वित्तीय समावेश का समर्थन करना जारी रखेंगे।”
