जबलपुर: घमापुर से अंबेडकर चौक तक फ्लाईओवर निर्माण किये जाने की मांग करते हुए हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गयी थी। याचिका की सुनवाई के दौरान सरकार की तरफ फ्लाईओवर निर्माण के संबंध में विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने समय प्रदान करने का आग्रह किया गया। हाईकोर्ट में कार्यवाहक चीफ जस्टिस विवेक रूसिया तथा जस्टिस प्रदीप मित्तल की युगलपीठ ने आग्रह को स्वीकार करते हुए अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद निर्धारित की है।
स्थानीय विधायक लखन घनघोरिया की तरफ से दायर की गयी याचिका में कहा गया था कि प्रस्तावित फ्लाईओवर का भूमि पूर्वन साल 2019 में किया गया था। फ्लाईओवर के निर्माण के लिए दिसम्बर 2019 में 186.03 करोड़ रुपये का प्रारंभिक वित्तीय प्राक्कलन तैयार किया गया था। जिसे 28 जुलाई 2022 को संशोधित मानचित्र के साथ अनुमानित लागत बढ़ाकर 269.22 करोड़ रुपये कर दी गई।
याचिका में विगत पांच सालों से फ्लाईओवर का निर्माण प्रारंभ नही किये जाने को चुनौती दी गयी थी। याचिका में कहा गया था यातायात के अधिक दबाव होने के कारण उक्त मार्ग में सदैव जाम लगा रहता है। जिसके कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पडता है। याचिका पर सुनवाई के दौरान शासन की तरफ से यातायात और अतिक्रमण का प्रारंभिक आकलन की रिपोर्ट पेश की गयी। सरकार की तरफ से विस्तृत कार्य योजना प्रस्तुत करने के लिए युगलपीठ से समय प्रदान करने का आग्रह किया गया। युगलपीठ ने आग्रह को स्वीकार करते हुए अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद निर्धारित की है।
