
ग्वालियर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सागरताल रोड स्थित एक डेयरी पर छापा मारते हुए नकली दूध और उससे बने उत्पादों का खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि दूध और मिल्क क्रीम में बाहरी फैट मिलाया जा रहा था, जबकि पनीर बनाने में रिफाइंड तेल, वनस्पति, सोया तेल और बेकिंग पाउडर का इस्तेमाल हो रहा था. कार्रवाई के दौरान टीम ने डेयरी को सील कर दिया और मौके पर बड़ी मात्रा में दूध को नष्ट कराया. इस घटना ने खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आनंद नगर चौराहा, सागरताल रोड स्थित श्याम डेयरी पर छापा मारकर मिलावट का बड़ा मामला पकड़ा. निरीक्षण के दौरान डेयरी संचालक अभिताव सिंह किरार दूध गर्म करते हुए मिला, जबकि परिसर में बड़ी मात्रा में दूध और अन्य संदिग्ध सामग्री मौजूद थी. जांच में दूध और मिल्क क्रीम में बाहरी फैट की मिलावट पाए जाने पर अधिकारियों ने तुरंत डेयरी संचालन बंद करा दिया.
छापे के दौरान टीम को मौके पर रिफाइंड सोया तेल, वनस्पति घी, बेकिंग पाउडर और ब्रांडेड रैपर मिले. जांच में सामने आया कि इन सामग्रियों का उपयोग मिलावटी पनीर तैयार करने में किया जा रहा था. डेयरी संचालक से पूछताछ में इन सामग्रियों के उपयोग को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका, जिससे मिलावट की आशंका और पुख्ता हो गई.
