
सौंसर, परिवहन विभाग द्वारा सौंसर स्थित आरटीओ चेकपॉइंट पर वाहनों की सघन जांच का सिलसिला लगातार जारी है। इस विशेष अभियान के तहत यात्री बसों और अन्य कमर्शियल वाहनों के दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
परिवहन विभाग ने सभी यात्री वाहन संचालकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, इंश्योरेंस और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र जैसे सभी अनिवार्य दस्तावेज हमेशा वैध व अपडेट रखें। इसके साथ ही विभाग ने बस ऑपरेटरों को सख्त हिदायत दी है कि यात्रियों से शासन द्वारा तय किए गए किराए से अधिक राशि न वसूली जाए और क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाई जाएं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
परिवहन उपनिरीक्षक विभा उइके ने बताया कि चेकपॉइंट पर नियमित जांच अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ निरंतर चालानी कार्रवाई की जा रही है। इसी के चलते विभाग ने बीते तीन महीनों में 48 लाख रुपये का राजस्व वसूला है।
इस सघन चेकिंग अभियान और राजस्व वसूली की कार्रवाई में प्रधान आरक्षक नीरज दुबे, आरक्षक पंचम चौहान तथा आरक्षक जितेंद्र सिंह की सक्रिय भूमिका रही। परिवहन विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
