
इंदौर। सेंट्रल जेल में शनिवार को मुलाकात के दौरान कैदियों के बीच अचानक विवाद भड़क गया था, जिसमें मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. जेल स्टाफ ने हस्तक्षेप कर हालात संभाले, जबकि घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है.
जेल नंबर 6 की बैरक में बंद कैदियों के बीच यह घटना उस वक्त हुई, जब मुलाकात खिड़की पर बाहर से आए लोग फोन के जरिए बातचीत कर रहे थे. बताया जा रहा है कि नंदानगर निवासी कृष्णपाल सिंह उर्फ डॉन के जन्मदिन पर उसके परिचित उससे मिलने पहुंचे थे और इसी दौरान बातचीत चल रही थी. इसी बीच लाइन को लेकर विवाद शुरू हुआ. अनवर डकैत और हेमंत यादव के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो कुछ ही पलों में धक्का मुक्की में बदल गई. हालात बिगड़ते देख कृष्णपाल सिंह भी बीच में कूद पड़ा और फिर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए. जेल प्रहरियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए कैदियों को अलग किया और मुलाकात प्रक्रिया रोक दी. घटना के बाद जेल में सतर्कता बढ़ा दी गई है. अनवर डकैत को अतिरिक्त सुरक्षा में रखा गया है और बैरक के आसपास निगरानी भी बढ़ाई गई है. सूत्रों का कहना है कि जेल में कुछ कैदियों का दबदबा बना हुआ है और मुलाकात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं. नियमों में तय सीमा के बावजूद बार बार मुलाकात होने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं. फिलहाल प्रशासन इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए है.
