
हैदराबाद। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बी संजय कुमार के बेटे बी भगीरथ को पॉक्सो मामले में अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।
भगीरथ के खिलाफ 8 मई को पेटबशीराबाद थाने में यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ था। केस दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश में पांच विशेष टीमें गठित की थीं और शनिवार सुबह लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया।
इस बीच केंद्रीय मंत्री बी संजय कुमार ने बयान जारी कर बताया कि उन्होंने अपने बेटे को पुलिस के सामने पेश कर दिया है। इसके बाद साइबराबाद पुलिस ने अप्पा जंक्शन के पास से भगीरथ को हिरासत में लेने की पुष्टि की।
पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी को मेडचल अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। देर रात उसे चेर्लापल्ली केंद्रीय कारागार स्थानांतरित कर दिया गया।
