इंदौर: शहर में 30-31 मई की दरमियानी रात वीकेंड स्पेशल चेकिंग के दौरान पुलिस ने शहरभर में सघन अभियान चलाते हुए 604 बदमाशों पर वैधानिक कार्रवाई की. इस दौरान 195 नशे में वाहन चलाते चालक पकड़े गए, 207 वारंट तामील किए गए और अवैध हथियार, शराब व मादक पदार्थों के मामलों में भी गिरफ्तारी हुई.पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन और एडिशनल कमिश्नर मयंक अवस्थी व आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में चारों जोन में शनिवार शाम से देर रात तक विशेष चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान चलाया.
शहर के सभी थाना क्षेत्रों में गुंडे-बदमाशों, असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की धरपकड़ की गई. अभियान के दौरान बड़ी संख्या में संदिग्धों और बदमाशों की जांच कर 604 के खिलाफ कार्रवाई की गई. विभिन्न मामलों में 207 वारंट तामील किए गए, जिनमें 56 स्थायी, 64 गिरफ्तारी और 87 जमानती वारंट शामिल हैं. नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए 195 चालकों को पकड़ा, जिन पर 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई. यातायात नियमों के उल्लंघन में तीन सवारी बैठाने वाले चालकों, अवैध हूटर लगाने वाले 2 वाहनों और ब्लैक फिल्म लगे 55 चार पहिया वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर मौके पर ही हूटर व फिल्म हटवाई गई.
अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई में कनाड़िया थाना पुलिस ने एक देशी पिस्टल व 2 जिंदा कारतूस के साथ अनिकेत चौहान को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया. वहीं एक तलवार और एक गुप्ती के साथ दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया. इसी तरह अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में आजाद नगर थाना से 23 और राजेंद्र नगर (लसुड़िया) से 22 क्वार्टर देशी शराब जब्त कर 2 आरोपियों को पकड़ा. जबकि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते 11 और गांजा सेवन करते 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया. वहीं आदतन बदमाशों के खिलाफ भी सख्ती बरतते हुए 170 पर बीएनएस में 31 पर 129 बीएनएस में 6, 126 बी /135(3) बीएनएस में 82 और 141(ख) बीएनएस में 6 सहित 125 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर समंस तामील किए.
साथ ही कई सक्रिय अपराधियों को थाने बुलाकर उनके डोजियर भरवाए गए और भविष्य में अपराध न करने की सख्त चेतावनी दी गई. पुलिस ने हॉटस्पॉट, मल्टी और शैडो एरिया में ड्रोन पेट्रोलिंग कर निगरानी रखी. चाकूबाजों, ड्रग पैडलरों, जिलाबदर बदमाशों और महिला अपराधों में लिप्त संदिग्धों पर विशेष नजर रखते हुए व्यापक चेकिंग की गई. इस दौरान कई फरार आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़े. अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में भ्रमण कर आम लोगों से संवाद किया और साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम व सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक किया. लोगों को नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई और शपथ भी दिलाई गई. पुलिस के मुताबिक शहर में अपराध नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.
