भोपाल: शिक्षक भर्ती 2025 के वर्ग-2 और वर्ग-3 में पद वृद्धि की मांग को लेकर शिक्षक अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। अभ्यर्थी करीब 30 दिनों से अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) परिसर के बाहर पिछले 6 दिनों से धरना जारी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि अब तक उन्हें सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। वहीं, अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत पिछले 10 दिनों से अन्न-जल त्यागकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आंदोलन खत्म कर मौके से हटने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है और हटने से इनकार करने पर मारपीट और एफआईआर दर्ज करने की धमकी दी जा रही है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि उनकी मांगों पर सुनवाई करने के बजाय उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
