श्रीनगर, 02 जून (वार्ता) श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आगामी एक अक्टूबर से 15 दिनों के लिए सभी विमान सेवाएं स्थगित रह सकती हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह कदम हवाई पट्टी (रनवे) के रख-रखाव और मरम्मत के बड़े काम को पूरा करने के लिए उठाया जा सकता है।श्रीनगर हवाई अड्डे द्वारा जारी एक परामर्श के अनुसार, भारतीय वायु सेना की ओर से प्रस्तावित इस रख-रखाव कार्य के कारण विमान सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। परामर्श में कहा गया है कि निर्धारित रख-रखाव के हिस्से के रूप में एक जुलाई से 30 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार और मंगलवार को हवाई अड्डे की पट्टी उपलब्ध नहीं रहने का भी प्रस्ताव है।
इसमें कहा गया है कि इसके बाद एक अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक हवाई पट्टी के संचालन को पूरी तरह से बंद करने का प्रस्ताव रखा गया है। हालांकि, हवाई अड्डा अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह समय-सारिणी अभी योजना के चरण में है और इसे अभी तक औपचारिक मंजूरी नहीं मिली है।
परामर्श में कहा गया है कि जैसे ही इस समय-सारिणी को औपचारिक रूप से मंजूरी मिल जाएगी, आधिकारिक माध्यमों से विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे उड़ानों की समय-सारिणी और संचालन के संबंध में समय पर और सटीक जानकारी के लिए श्रीनगर हवाई अड्डे तथा अपनी संबंधित विमानन कंपनियों के संपर्क में रहें।
हवाई अड्डे के विस्तार और आधुनिकीकरण योजनाओं के तहत चल रहे हवाई पट्टी के रख-रखाव कार्यों के कारण इस वर्ष अप्रैल से ही श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों के संचालन पर प्रतिबंध लागू हैं। भारतीय वायु सेना द्वारा जारी विमानन कर्मियों के लिये नोटिस के अनुसार, ये प्रतिबंध शुरू में 31 जुलाई तक लागू रहेंगे।
