
सिंगरौली । बरगवां नगर परिषद क्षेत्र में फोरलेन मार्ग पर बसों और मालवाहक वाहनों से स्टैंड शुल्क की वसूली को लेकर विवाद गहरा गया है।
परिवहन संचालकों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना जबरन शुल्क वसूला जा रहा है। उनका कहना है कि शुल्क नहीं देने पर वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाता, जिससे बस संचालकों, ट्रक चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत कर्ताओं का कहना है कि बैढ़न नगर निगम क्षेत्र में पहले से ही वाहनों से निर्धारित शुल्क लिया जाता है। ऐसे में करीब 25 किलोमीटर के भीतर दोबारा शुल्क वसूली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने इस व्यवस्था की वैधता पर भी आपत्ति जताई है। वहीं नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस स्थान के नाम पर शुल्क लिया जा रहा है, वहां मूलभूत सुविधाएं और नियमित सफाई तक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने की मांग की है।
