
दमोह। मप्र बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य अर्चना गुप्ता ने गुरुवार को दमोह जिले के विभिन्न स्कूलों, मदरसे, प्राथमिक शाला और आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और बाल अधिकारों से जुड़े प्रावधानों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति दमोह के अध्यक्ष दीपक तिवारी सहित समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।
आयोग की सदस्य अर्चना गुप्ता ने दमोह के सेंट जॉन्स स्कूल, जेपीबी स्कूल और मदरसे का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय में पॉक्सो समिति का गठन किया जाए, ताकि बच्चों से संबंधित शिकायतों और उनकी सुरक्षा के मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
बच्चों को गुड टच-बैड टच की जानकारी नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
सेंट जॉन्स स्कूल में निरीक्षण के दौरान बच्चों से गुड टच और बैड टच के संबंध में जानकारी ली गई। बच्चों को इसकी पर्याप्त जानकारी नहीं होने पर तथा बच्चोँ के लाईसेंस बिना गाड़ी चलाने पर अर्चना गुप्ता ने नाराजगी जताई और स्कूल प्रबंधन को बच्चों को नियमित रूप से बाल सुरक्षा व गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए। आयोग की सदस्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाल अधिकारों और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर अध्यक्ष दीपक तिवारी, रश्मि वर्मा के अलावा और भी सदस्य और पुलिस बल मौजूद रहा।
