
ग्वालियर। स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन पर्व से पहले ग्वालियर पुलिस ने आम लोगों को बड़ी राहत दी है। साइबर सेल ने ‘तेरा तुझको अर्पण’ अभियान के तहत ‘सीईआईआर’ पोर्टल की मदद से पिछले तीन महीने में देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों से गुम हुए 451 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 3 लाख रुपये है।
शुक्रवार को एसएसपी धर्मवीर सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
एसएसपी के निर्देश पर साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक रजनी सिंह रघुवंशी की टीम ने
‘सीईआईआर’
पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर मोबाइलों को ट्रेस किया। टीम ने अलग-अलग राज्यों से इन फोन को बरामद किया।
मोबाइल वापस पाने वालों में कई लोगों की भावुक कहानी है। किसी का फोन ड्यूटी के दौरान, किसी का अस्पताल जाते समय तो किसी का शादी समारोह और रास्ते में गुम हुआ था। एमपीपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा पूनम कस्तवार का मोबाइल उनके पिता के मुरार अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान गुम हो गया था। प्रोफेसर आरती का कॉलेज जाते समय और शिक्षिका रेखा का ड्यूटी के दौरान मोबाइल खो गया था।
ईमानदार नागरिकों का सम्मान
इस दौरान पुलिस ने उन जागरूक नागरिकों को भी सम्मानित किया जिन्होंने लावारिस मिले मोबाइल साइबर सेल में जमा कराए। पवन कुशवाह, भोजराज सिंह चौहान, भोगीराम उर्फ लल्ला मंडेलिया और मनोज चौरसिया को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसएसपी ने इस उपलब्धि के लिए पूरी साइबर सेल टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। इस कार्रवाई में विश्ववीर सिंह जाट, सोनू प्रजापति, शिवकुमार यादव, आशीष शर्मा, विपिन सिकरवार, देवेश शर्मा, शैलेंद्र गौड़, अजय यादव के साथ ही विभिन्न थानों के हितेन्द्र शर्मा, अशोक लोधी, दीपक रावत, बालेन्द्र शर्मा, राहुल शर्मा और राहुल जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
