
ग्वालियर। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के महलगांव में एक किरायेदार द्वारा मकान मालिक की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, महलगांव निवासी पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसके घर में अजय अहिरवार निवासी बम्हौरी, टीकमगढ़ किराए से कमरा लेकर रहता है।
घटना गुरुवार रात साढ़े 8 से 9 बजे के बीच की है। बताया गया है कि पीड़िता के माता-पिता और अन्य परिजन किसी काम से बाहर गए थे। पीड़िता मुख्य दरवाजा बंद कर अंदर जा रही थी, तभी आरोपी ने उसे पकड़कर अपने कमरे में खींच लिया और छेड़छाड़ करने लगा।
किसी तरह पीड़िता आरोपी के चंगुल से छूटकर भागी और अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। करीब एक घंटे बाद जब परिजन घर लौटे तो पीड़िता ने आपबीती बताई।
मामले की जानकारी लगते ही परिजन पीड़िता को लेकर विश्वविद्यालय थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर छेड़छाड़ सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
