
इंदौर. यातायात संचालन का प्रशिक्षण लेने के बाद 2 एमपी आर्म्ड एनसीसी के कैडेट्स शनिवार को शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस के साथ व्यवस्था संभालने उतरे. कैडेट्स ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया.
शाम 4 से 6 बजे तक चले अभियान में कैडेट्स को यातायात संकेतों के संचालन और चौराहे पर बरती जाने वाली सावधानियों का प्रशिक्षण दिया. इसके बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ यातायात संचालन में सहयोग किया. कैडेट्स ने वाहन चालकों को रेड लाइट जंप नहीं करने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने के लिए प्रेरित किया. अभियान में एसीपी हिन्दू सिंह मूवेल और यातायात थाना प्रभारी अरविंद दांगी के नेतृत्व में यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे. एनसीसी की विभिन्न इकाइयां आगे भी यातायात प्रबंधन और जागरूकता अभियानों में सहयोग करेंगी.
