इंदौर: शहर में बैंकिंग परीक्षा की तैयारी कर रही एक कॉलेज छात्रा ने बस कंडक्टर पर दुष्कर्म और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर राजेंद्र नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने भी हस्तक्षेप करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
छात्रा पिछले दो माह से परीक्षा की तैयारी के सिलसिले में इंदौर आ-जा रही थी.
इसी दौरान बस में सफर के दौरान उसकी पहचान एक बस कंडक्टर से हुई. आरोपी ने पहले बातचीत के दौरान मोबाइल की बैटरी लो होने का बहाना बनाकर छात्रा से नंबर डायल करवाया और उसी तरह उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया. इसके बाद वह लगातार छात्रा से संपर्क करने लगा और दोस्ती बढ़ाने का प्रयास किया. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने दोस्ती के नाम पर उसे विश्वास में लिया और बाद में शादी का दबाव बनाते हुए धर्म परिवर्तन जैसी बातें कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा. शिकायत में बताया कि एक दिन आरोपी उसे चोइथराम चौराहा से ऑटो के जरिए रिजनल पार्क लेकर गया.
टिकट लेकर पहले छात्रा को अंदर भेजा और कुछ देर बाद खुद भी पहुंच गया. वहां शौचालय में ले जाकर आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें कीं. विरोध करने पर मारपीट की गई. शोर मचाने पर आरोपी धक्का देकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद छात्रा ने अपने पिता को पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार इंदौर पहुंचा. पीड़िता ने थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी कंडक्टर के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
