बेटी की प्रताड़ना से टूटे पिता ने की आत्महत्या, दामाद-ससुर पर केस

इंदौर:बेटी के वैवाहिक जीवन में चल रहे लगातार तनाव और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से मानसिक रूप से टूटे एक पिता द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में खुड़ैल पुलिस ने मर्ग जांच पूरी कर ली है. जांच में आत्महत्या के पीछे ससुराल पक्ष की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने अब प्रकरण दर्ज कर लिया है. मामला खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम सनावदिया, पत्थर मुंडला रोड का है.

पुलिस के अनुसार मृतक की बेटी की शादी फरवरी 2024 में जयपुर निवासी युवक से हुई थी. परिजनों ने पुलिस को बताया कि विवाह के समय ससुराल पक्ष की सभी मांगें पूरी की गई थीं, इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद ही बेटी को नई-नई मांगों और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा. पीड़िता यह सारी बातें अपने माता-पिता को लगातार बताती रहती थी. मर्ग जांच में सामने आया कि कुछ समय पहले दामाद इंदौर आया था, जहां उसने बेटी के साथ-साथ उसके मायके पक्ष को भी धमकाया और अभद्र व्यवहार किया.

इस घटनाक्रम के बाद मृतक पिता गहरे मानसिक दबाव में रहने लगे. बेटी के भविष्य को लेकर बढ़ती चिंता और लगातार तनाव के चलते 1 दिसंबर को उन्होंने सल्फास का सेवन कर लिया. गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने परिजनों के बयान और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मर्ग जांच में प्रताड़ना की पुष्टि की है. इसके बाद जयपुर में रहने वाले दामाद और उसके पिता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है

Next Post

2026 नए वर्ष में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, फिल्म सिटी का बेसब्री से इंतजार

Fri Jan 2 , 2026
जबलपुर: नया वर्ष शुरू हो चुका है और अब नए वर्ष के 12 महीनों के भीतर शहरवासियों को जबलपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, फिल्म सिटी, बायो गैस प्लांट और 100 एसी इलेक्ट्रिक बसों का इंतजार बेसब्री से रहेगा। हर शहरवासी चाह रहा है कि जबलपुर भी महानगर के रूप में […]

You May Like