जबलपुर: नया वर्ष शुरू हो चुका है और अब नए वर्ष के 12 महीनों के भीतर शहरवासियों को जबलपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, फिल्म सिटी, बायो गैस प्लांट और 100 एसी इलेक्ट्रिक बसों का इंतजार बेसब्री से रहेगा। हर शहरवासी चाह रहा है कि जबलपुर भी महानगर के रूप में जल्द विकसित हो। ऐसे में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू द्वारा की गईं तमाम घोषणाओं पर जमीनी स्तर पर कितना अमल होता है इस ओर भी शहरवासियों का ध्यान रहेगा।अधिकांश युवा वर्ग से लेकर हर व्यक्ति का सपना है कि वो अपने शहर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इंटरनेशनल मैच होते देखे ऐसे में ये सौगात नए वर्ष में अपने आप में बहुत बड़ी होने वाली है।
इन सौगातों से निखरेगा शहर
जानकारी के अनुसार महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा है कि वर्ष 2026 में जबलपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, ओलंपिक स्तर के स्विमिंगपूल, फिल्म सिटी, 500 डेली नीड्स पार्लर से 1000 युवाओं को रोजगार प्रदान करने, 200 करोड़ रूपये की लागत से बायो गैस प्लांट की स्थापना करने और 100 एसी इलेक्ट्रिक बसों की सौगात दी जाएगी। वहीं महापौर ने शहर में वर्ष 2026 में हर घर में नर्मदा जल पहुंचाने का काम 312 करोड़ रुपए की लागत से पूरा करने और 222 करोड़ की लागत से जलप्लावन की समस्या से नागरिकों को निजात दिलाने की भी बात कही है। जिससे पूरे शहर का कायाकल्प हो जाएगा और शहर महानगर की शक्ल में दिखने लगेगा। इसके साथ ही वर्ष 2026 में भारत माता मंदिर का भी लोकार्पण किया जाएगा।
