
छतरपुर नगर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से लापता युवक फरीद को लेकर चिंता बढ़ गई है। 13 जनवरी की रात करीब 10 बजे से लापता फरीद की बाइक बुधवार को बड़े तालाब के पास लावारिस हालत में मिली, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया।
स्थानीय लोगों द्वारा तालाब के पास बाइक देखे जाने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाइक तालाब के किनारे मिलने से किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे से बड़े तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। गोताखोरों और बचाव दल की मदद से तालाब में युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस, प्रशासन और बचाव दल की टीम मौके पर मौजूद है।
फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक आखिरी बार कहां और किसके साथ देखा गया था।
सिटी कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और रेस्क्यू ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा, जब तक युवक के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल जाती।
