इंदौर: शहर कांग्रेस सेवादल द्वारा शनिवार दोपहर में ‘महात्मा गांधी क्विज प्रतियोगिता’ आयोजित होगी. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर युवा पीढ़ी को गांधीजी के जीवन, विचारों, सत्य, अहिंसा, स्वराज और स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से सेवादल द्वारा कार्यक्रम किया जा रहा है.कल दोपहर 2.30 बजे से 4.30 बजे तक न्यू ऐश्वर्या गार्डन, पिपलिया राव, गुरुद्वारे के सामने, राजीव गांधी चौराहे के पास, रिंग रोड, पर सेवालदा द्वारा महात्मा गांधी क्विज प्रतियोगिता रखी गई है. प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को 50 बहुविकल्पीय प्रश्न (एमसीक्यू) हल करने होंगे.
परीक्षा की अवधि 60 मिनट और ओएमआर आधारित परीक्षा प्रणाली पर होगी. परिणाम ऑन-द-स्पॉट घोषित किए जाएंगे. प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अवनीश भार्गव ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि उक्त कार्यक्रम में भाग लेने राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.वी. श्रीनिवास भी इंदौर आ रहे हैं. सेवादल प्रदेश अध्यक्ष भार्गव ने कहा कि कांग्रेस विचारकों और राष्ट्र निर्माताओं की पार्टी है, जबकि भाजपा और संघ की राजनीति प्रचार करने तक सीमित है. देश का युवा अब केवल भाषण सुनने वाला नहीं है, वह सवाल पूछता है और जवाब मांगता है. पत्रकार वार्ता में मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल संगठन प्रभारी प्रताप नारायण मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया, इंदौर सेवादल शहर अध्यक्ष मुकेश यादव एवं मुकेश ठाकुर उपस्थित थे।
