इंदौर:संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेड़कर की जयंती इंदौर में आज 14 अप्रैल को पूर्ण आस्था एवं अपार उत्साह के साथ मनाई जाएगी. डॉ. अम्बेड़कर नगर महू में स्थित उनकी जन्मस्थली पर बने भव्य स्मारक में विशाल समागम होगा. श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला तेजी से जारी है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से इस आयोजन में शामिल होंगे.प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 14 अप्रैल को डॉ. बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जयंती उत्सव समारोह पूर्ण उत्साह, उमंग और आस्था के साथ इंदौर जिले के डॉ. अंबेडकर नगर (महू) में मनाया जा रहा है. जयंती उत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं कि मेहमानों की तरह राज्य शासन द्वारा आवभगत की जा रही है.
श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, शीतल पेयजल आदि की विशेष व्यवस्था की गई है. जन्म स्थली पर बने भव्य स्मारक पर विशेष साज-सज्जा की गई है. अम्बेडकर जयंती उत्सव समारोह में मध्यप्रदेश सहित अन्य प्रदेशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं. श्रद्धालुओं के भोजन की व्यवस्था स्वर्ग मंदिर परिसर में की गई. उक्त भोजन व्यवस्था 14 अप्रैल की शाम तक जारी रहेगी. भंतों के भोजन की व्यवस्था माहेश्वरी स्कूल में की गई है तथा उनके रूकने की व्यवस्था भी माहेश्वरी स्कूल में ही है. श्रद्धालुओं की पेयजल व्यवस्था हेतु विभिन्न स्थानों पर प्याऊ का निर्माण किया गया है. महू में समारोह के दौरान 6 स्थान पर आकस्मिक चिकित्सा की विशेष व्यवस्था की गई है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों का दल गठन कर ड्यूटी लगाई गई है.
कलेक्टर ने महू पहुँचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
कलेक्टर शिवम वर्मा आज डॉ. अम्बेड़कर नगर महू पहुँचे. यहाँ उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने समारोह के लिए विभिन्न प्रान्तों से आए श्रद्धालुओं से चर्चा की और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. कलेक्टर ने श्रद्धालुओं के लिए की गई सभी व्यवस्थाओं को सूक्ष्मता के साथ देखा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी व्यवस्थाएं बनायी रखी जाए, जिससे कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. इस दौरान एसपी ग्रामीण यांगचेन भुटिया, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश द्विवेदी, एसडीएम राकेश परमार, तहसीलदार विवेक सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे
