ईवी कंपनी विनफास्ट इंडिया ने श्रीराम फाइनेंस के साथ की साझेदारी

नयी दिल्ली, 23 जून (वार्ता) वैश्विक इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता विनफास्ट की भारतीय इकाई विनफास्ट इंडिया ने उसके वाहनों की खरीद पर वित्तपोषण उपलब्ध कराने के लिए खुदरा गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड के साथ एक रणनीतिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये हैं।
विनफास्ट भारतीय बाजार में कार और एसयूवी बेचती है। इस साझेदारी के तहत उसके ग्राहकों को श्रीराम फाइनेंस की विशेष रूप से तैयार की गयी वित्तीय सेवाओं का लाभ मिलेगा। इसमें वाहन की ऑन-रोड कीमत का शत-प्रतिशत तक वित्तपोषण, आकर्षक ब्याज दरें तथा लचीले पुनर्भुगतान विकल्प शामिल हैं।

श्रीराम फाइनेंस देशभर में तीन हजार से अधिक शाखाओं के नेटवर्क के माध्यम से 90 लाख से अधिक ग्राहकों को ऋण एवं अन्य वित्तीय सेवाएं प्रदान करती है। अपनी ग्रीन फाइनेंस पहलों के माध्यम से श्रीराम फाइनेंस भारत में स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन समाधानों को बढ़ावा देने के विनफास्ट के दृष्टिकोण को साझा करती है। इस समझौते पर विनफास्ट इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तपन घोष और श्रीराम ग्रीन फाइनेंस के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कारोबार प्रमुख नंदगोपाल आर. ने हस्ताक्षर किये।
श्री घोष ने कहा कि भारत का इलेक्ट्रिक परिवहन की ओर बढ़ना केवल मजबूत उत्पादों से नहीं, बल्कि

उन्हें समर्थन देने वाले मजबूत तंत्र से भी निर्धारित होगा। श्रीराम फाइनेंस के साथ साझेदारी ईवी अपनाने में आने वाली बाधाओं को दूर करने, वित्तीय पहुंच को बेहतर बनाने और विभिन्न बाजारों में ग्राहकों को अधिक सहज स्वामित्व अनुभव प्रदान करने की विनफास्ट इंडिया की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। श्री नंदगोपाल ने इस साझेदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे देश में हरित परिवहन समाधानों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी ईवी अपनाने में तेजी लाने और देशभर में एक मजबूत हरित परिवहन पारितंत्र के विकास के श्रीराम फाइनेंस के साझा दृष्टिकोण को दर्शाती है।

.....

Next Post

पेयजल व्यवस्था सुधारने नपा अध्यक्ष ने किया खरसाली फ़िल्टर प्लांट का निरीक्षण

Tue Jun 23 , 2026
मुलताई। नगर की जलप्रदाय व्यवस्था में सुधार लाने के लिए मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार द्वारा सभापति एवं अधिकारियो के साथ खरसाली फ़िल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सभापति पार्षद शिल्पा मनीष शर्मा,सुरेश पौनीकर, अजय यादव तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेन्द्र तिवारी उपस्थित रहे। […]

You May Like