इंदौर: कनाडिया थाना क्षेत्र की ग्रीन वैली सोसायटी में रहने वाली एक महिला ने सोसायटी के ही कुछ लोगों पर तांत्रिक क्रिया कर डराने, मानसिक उत्पीड़न करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर दस लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि कनाडिया रोड स्थित ई-ब्लॉक, ग्रीन वैली सोसायटी में रहने वाले 37 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि सोसायटी में रहने वाले कुछ लोग उसे लगातार परेशान कर रहे हैं. आरोप है कि आरोपियों ने तांत्रिक क्रिया का सहारा लेकर उसे डराने की कोशिश की और कई बार दबंगई दिखाते हुए अभद्र व्यवहार किया.
पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपियों ने व्हाट्सएप ग्रुप और व्यक्तिगत संदेशों के माध्यम से भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया. कई बार उसका पीछा किया और आने जाने के दौरान रास्ता रोककर विवाद करने का प्रयास किया. सोशल मीडिया के माध्यम से भी उस पर नजर रखकर उसे परेशान किया जाता रहा, जिससे वह लगातार भय और असुरक्षा में रही. पुलिस ने शिकायत के आधार पर रेखा चौधरी, सोनिया चौधरी, अपर्णा श्रीवास्तव, अंजनी शर्मा, संजय सकलेचा, लविश सकलेचा, गौरांग सोनी, दीप्ति सोनी, अनिल चौधरी और सपना जैन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
