भिंड: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के नए नियमों के विरोध में श्री राजपूत करणी सेना ने आज मंगलवार से 200 किमी की पदयात्रा शुरू की। पदयात्रा सुबह बाइपास स्थित महाराणा प्रताप प्रतिमा से शुरू हुई और 11 सितंबर को ग्वालियर पहुंचेगी।पदयात्रा फूप, सुरपुरा, अटेर मोड़, अंगदपुरा, सौरा-मौरा, पावई, पिथनपुरा, नुन्हाड़, सुनारपुरा, गोरमी, पोरसा, अंबाह, दिमनी, मुरैना और बानमौर होते हुए ग्वालियर पहुंचेगी। कार्यकर्ता रोजाना 20 से 25 किमी पैदल चलेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना भी यात्रा में शामिल होंगे। सवर्ण समाज से यात्रा को समर्थन मिल रहा है।
करणी सेना ने कहा कि यूजीसी के नए नियमों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ संगठन आगामी निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनाव में विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि यूजीसी के मुद्दे पर चुप रहने वाले सवर्ण समाज के नेताओं का भी संगठन विरोध करेगा। इस दौरान संभागीय अध्यक्ष कुलदीप प्रताप भदौरिया, जिलाध्यक्ष रिशु भदौरिया, अमन शर्मा और सत्यम भदौरिया मौजूद रहे। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भदौरिया ने बताया कि ग्वालियर के बाद धार से भोपाल और रीवा-सतना से भोपाल तक भी पदयात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान कार्यकर्ता लोगों से संवाद कर यूजीसी के नए नियमों की जानकारी देंगे ।
