
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर प्रतिभाओं की भूमि है। मां नर्मदा की कृपा से समृद्ध इस शहर ने समाज के हर क्षेत्र में ऐसी विभूतियां दी हैं, जिन्होंने देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। यह बातें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मानस भवन में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दादा ईश्वरदास रोहाणी की स्मृति में आयोजित गौरव शिखर सम्मान समारोह में कहीं ।
उन्होंने कहा कि 12 विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करने वाला सराहनीय प्रयास है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष के 12 महीने और ज्योतिष की 12 राशियां जीवन के पूर्ण चक्र का प्रतीक हैं। उसी प्रकार समारोह में 12 विभूतियों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणा का अमृत है। उन्होंने आयोजन समिति की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दादा ईश्वरदास रोहाणी की स्मृति में गौरव शिखर सम्मान की शुरुआत शिक्षा क्षेत्र से किया जाना अत्यंत सार्थक है, क्योंकि किसी भी समाज की उन्नति का आधार शिक्षा होती है। भारतीय गुरुकुल परंपरा केवल ज्ञान देने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र और जीवन मूल्यों के निर्माण का केंद्र रही है। मुख्यमंत्री ने काल के द्रोणाचार्य-द्रुपद तथा भगवान श्रीकृष्ण-सुदामा के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य प्रतिशोध नहीं, बल्कि विनम्रता, समानता और श्रेष्ठ मानवीय मूल्यों का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने ज्ञानेश्वरी दीदी द्वारा कैंसर रोगियों की सेवा की सराहना की। कुटुंब प्रबोधन सम्मान से सम्मानित नंदलाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि चार पीढिय़ों का एक साथ प्रेम और संस्कारों के साथ रहना भारतीय परिवार व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवा गौरव सम्मान से सरबजीत सिंह कलसी, सनातन ज्ञान सम्मान से पंडित रोहित दुबे , उद्योग गौरव सम्मान से नितिन चंडोक से सम्मानित किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में सम्मानित न्यूरो सर्जन प्रो. डॉ. वाई. आर. यादव की सराहना की । मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी आर एन तिवारी की राष्ट्रसेवा तथा न्यायमूर्ति जस्टिस देवव्रत माधव धर्माधिकारी की निष्पक्ष न्यायप्रियता की प्रशंसा की।
दादा के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प: रोहाणी
दादा ईश्वरदास रोहाणी स्मृति गौरव शिखर सम्मान समारोह में जबलपुर केंट के विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि यह आयोजन सिद्ध करता है कि दादा ईश्वरदास रोहाणी के प्रति लोगों का स्नेह, सम्मान और विश्वास आज भी उतना ही अटूट है। उन्होंने कहा कि दादा का जीवन समाजसेवा,
जनसेवा और संस्कारों का पर्याय था तथा उन्हीं के आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस सम्मान की शुरुआत की गई है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के समक्ष सम्मान योजना का प्रस्ताव रखा गया। उनकी अध्यक्षता में आयोजन समिति और चयन समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि जबलपुर और आसपास के क्षेत्र की 12 विशिष्ट विभूतियों को गौरव शिखर सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, मध्यप्रदेश तीर्थ क्षेत्र एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया, विधायक अजय विश्नोई, डॉ अभिलाष पांडे, संतोष वरकड़े, नीरज सिंह, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे, भाजपा
के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, जिला अध्यक्ष ग्रामीण राजकुमार पटेल, जीओसी एच एस बिंद्रा, जस्टिस एच पी सिंह भी मंचासीन थे।
डुमना एयरपोर्ट पर स्वागत, ट्रेवलर से पहुंचे समारेाह स्थल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सिवनी में आयोजित कार्यक्रम के बाद डुमना एयरपोर्ट आगमन हुआ। जहां जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका आत्मीय स्वागत किया गया । जबलपुर प्रवास पर आये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज एक अलग अंदाज देखने मिला। मुख्यमंत्री डॉ यादव ईंधन बचाने का संदेश देने डुमना एयरपोर्ट से अपनी पूरी टीम के साथ एक
वाहन में बैठकर मानस भवन पहुँचे, जहाँ वे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दादा ईश्वरदास रोहाणी की स्मृति में आयोजित गौरव शिखर सम्मान समारोह में शामिल हुये।
