इज़रायल ने अंतरिक्ष में संचार उपग्रह किया प्रक्षेपित
यरूशलेम, 13 जुलाई (वार्ता) इज़रायल ने रविवार को सरकारी कंपनी इज़रायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (आईएआई) द्वारा विकसित और निर्मित संचार उपग्रह ड्रोर-1 को अंतरिक्ष में प्रक्षेपित किया। आईएआई और इज़रायल अंतरिक्ष एजेंसी (आईएसए) द्वारा जारी अलग-अलग बयानों यह जानकारी दी गई है।
इस उपग्रह को अमेरिकी राज्य फ्लोरिडा के केप कैनावेरल स्पेस लॉन्च कॉम्प्लेक्स से स्पेसएक्स फाल्कन 9 रॉकेट के ज़रिए सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया गया। आईएसए के अनुसार इसे अगले 15 वर्षों के लिए इज़रायल की संचार आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए डिज़ाइन किया गया है, चाहे वह नियमित संचालन हो या आपात स्थिति और यह देश की रक्षा प्रणाली के मिशनों में भी सहायता करेगा।
यह उपग्रह अंतरिक्ष में 36 हजार किलोमीटर की ऊँचाई पर एक निश्चित बिंदु से प्रसारण करेगा। इसका वज़न लगभग 4.5 टन है, इसके पंखों का फैलाव 17.8 मीटर है और इसमें 2.8 मीटर व्यास का एक एंटीना लगा है, जो इज़रायली संचार उपग्रहों द्वारा उपयोग के लिए बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा एंटीना है।
आईएसए ने कहा कि 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर के निवेश वाली यह परियोजना इज़रायल के लिए संचार स्वतंत्रता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे निजी कंपनियों पर उसकी निर्भरता समाप्त हो जाएगी। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए इज़रायल भविष्य में इसी प्रकार के नौ और उपग्रहों को प्रक्षेपित करने की योजना बना रहा है।
