इस्तांबुल, 13 जुलाई (वार्ता) तुर्की में पुलिस ने रविवार को इस्तांबुल एक अभियान के दौरान इस्लामिक स्टेट (आईएस) के नौ संदिग्ध सदस्यों को हिरासत में ले लिया।
डेमिरोरेन समाचार एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि पुलिस टीमों ने इस्तांबुल में कई स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस ने ये छापेमारी विदेशों में संघर्ष क्षेत्रों से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में संदिग्धों को पकड़ने को लेकर की। पुलिस को ऐसे सोशल मीडिया खातों का भी पता चला है, जिनका प्रबंधन ये संदिग्ध करते थे।
अभियान के बाद छह विदेशी संदिग्धों को देश से निकालने के लिए एक निर्वासन केंद्र में भेज दिया गया, जबकि शेष तीन को एक अदालत ने जेल भेज दिया। विदेशी संदिग्धों की राष्ट्रीयताओं का तुरंत खुलासा नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि तुर्की ने 2013 में आईएस को एक आतंकवादी संगठन के रूप में नामित किया था।
