जबलपुर: मध्य प्रदेश शासन के परिवहन विभाग के निर्देशानुसार जबलपुर में संभागीय परिवहन सुरक्षा उड़नदस्ता द्वारा फरवरी माह में विशेष राजस्व वसूली एवं सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान मध्यप्रदेश मोटरयान कराधान अधिनियम एवं केंद्रीय मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत संचालित किया गया। अभियान के दौरान उड़नदस्ता टीम ने वाहनों के परमिट, फिटनेस, टैक्स, बीमा, ओवरलोडिंग सहित अन्य वैधानिक दस्तावेजों की गहन जांच की।
जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान 71 वाहनों से 14 हजार 600 रुपये कर एवं 2 लाख 52 हजार 500 रुपये शमन शुल्क सहित कुल 2 लाख 67 हजार 100 रुपये राजस्व प्राप्त किया गया। इसके अलावा 488 वाहनों पर 21 लाख 54 हजार रुपये का ऑनलाइन जुर्माना अधिरोपित किया गया। इस प्रकार कुल 559 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 24 लाख 21 हजार 100 रुपये की चालानी वसूली सुनिश्चित की गई।
अभियान में इनकी रही भूमिका
इस अभियान में संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी राजेंद्र साहू के नेतृत्व में परिवहन उप निरीक्षक अक्षय पटेल तथा परिवहन आरक्षक आशुतोष मोधे, पीयूष मरावी, अविनाश जायसवाल, उमाशंकर उपाध्याय, अशोक खापर्डे, सारंगधर महाले, इम्तियाज हुसैन, वंदना परतिते, निमिषा तिवारी एवं श्वेता अहिरवार की सक्रिय भूमिका रही।
