कोलकाता, 29 सितंबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर ‘राष्ट्र-विरोधी ताकतों’ या ‘दिमागी नक्सलियों’ का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए उनके प्रस्तावित दिल्ली दौरे पर दिल्ली पुलिस और खुफिया ब्यूरो से उन लोगों पर कड़ी नज़र रखने को कहा है।
श्री अधिकारी ने ‘जनता दरबार’ में शामिल होने से पहले दिल्ली के प्रस्तावित दौरे पर निशाना साधते हुए कहा, “पहले भी नेता दिल्ली जाते रहे हैं। वह वहां माकपा नेताओं के साथ मिलकर कोई नयी साज़िश रचने जा रही हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि ‘दिमागी नक्सली’ उनके सलाहकार बन गये हैं और कहा कि वह ‘एक हाथ में जमात और दूसरे हाथ में दिमागी नक्सलियों’ को लेकर चल रही हैं।
गौरतलब है कि विपक्षी दल चुनाव आयोग विवाद पर फिर से आपसी तालमेल बनाने की तैयारी में हैं और इस संदर्भ में बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक होगी, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर चर्चा की जायेगी। सुश्री बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हो चुके हैं और उनके बैठक में शामिल होने की उम्मीद है। यह प्रस्तावित बैठक विपक्षी दलों के बीच उन चर्चाओं के बाद हो रही है जो सीईसी द्वारा मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) प्रक्रिया में लिए गये एकतरफा फैसलों को लेकर हुई थीं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) महासचिव एमए बेबी ने विपक्षी नेताओं को पत्र लिखकर एकजुट होने की मांग की थी और बाद में सुश्री बनर्जी से भी बात की थी। माकपा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले)-लिबरेशन ने श्री कुमार को हटाने की मांग की है, जबकि कांग्रेस ने भी उन्हें हटाने के लिए अपना अभियान तेज़ कर दिया है। इन घटनाक्रमों ने पश्चिम बंगाल में लंबे समय से राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रहे तृणमूल कांग्रेस और माकपा को एक मंच पर ला दिया है। सुश्री बनर्जी ने खुद एसआईआर विवाद को लेकर श्री कुमार के इस्तीफे की मांग की है।
