छिंदवाड़ा: शहर के व्यस्त नरसिंहपुर नाका क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुआ सड़क हादसा अब केवल दुर्घटना नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का प्रतीक बन गया है। शॉपिंग जोन के सामने अधूरे नाला निर्माण और सड़क पर फैले मलबे ने एक गृहिणी की जान ले ली। स्कूटी से जा रही महिला सड़क पर पड़ी गिट्टी में फिसलकर गिरी और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई।
हादसे में गांधीगंज निवासी शीलू माहेश्वरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी साथी घायल हो गईं। घटना के बाद क्षेत्रीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि नगर निगम द्वारा छह माह पहले सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया, न तो निर्माण पूरा हुआ और न ही सुरक्षा के इंतजाम किए गए।
कांग्रेस ने नगर निगम को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए चक्का जाम किया और कहा कि यदि समय रहते नाला निर्माण पूरा होता, तो यह हादसा टल सकता था। पार्टी नेताओं ने इसे मौत का जाल करार देते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई, निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने और दुर्घटनास्थल पर यातायात व प्रकाश व्यवस्था सुधारने की मांग की।
हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या शहर की सड़कों पर लापरवाही यूं ही जान लेती रहेगी?
