
मुरैना, 08 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश की मुरैना जिला पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटर सायकिल चोर गिरोह के दो सदस्यों को आज गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 22 मोटर सायकिलें बरामद की हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुरैना, भिंड, ग्वालियर सहित राजस्थान व दिल्ली के अलग-अलग शहरों से बाइक चोरी करने वाले अंतरराज्जीय गिरोह के दो बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे से 20 लाख रुपए कीमत की 22 बाइकें भी बरामद की हैं।
एडिशनल एसपी गोपाल धाकड़ ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि गुरुवार को अंबाह रोड स्थित वेयर हाउस पर दो संदिग्ध बाइक सवारों के खड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर जब इन दोनों बाइक सवारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम जमाल उर्फ करुआ खां निवासी अलापुर थाना जौरा और कोमेंद्र सिंह घुरैया निवासी घुरैयाबसई थाना सुमावली बताया। दोनों के पास से बरामद बाइकें भी बानमोर व ग्वालियर से चोरी की गई थीं।
बाइक चोर जमाल और कोमेंद्र ने पूछताछ में बताया कि वह दिल्ली, राजस्थान और भिंड, मुरैना, ग्वालियर से 20 से अधिक बाइकें चोरी करके लाए थे, जिन्हें उन्होंने देवगढ़ थाना क्षेत्र के गुढ़ा चंबल के बीहड़ों में छिपाकर रखी थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सभी बाइकों को बरामद कर लिया है।
