

मदुरै, 08 जून (वार्ता) तमिलनाडु के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को यहां प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर के प्रवेश द्वार पर पुजारियों और अधिकारियों ने पारंपरिक ‘पूर्ण कुंभम’ सम्मान के साथ उनका स्वागत किया।
श्री अमित शाह ने मंदिर में लगभग 30 मिनट बिताए और विभिन्न सन्निधियों में दर्शन किए। मंदिर के सभी चार प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं को पूरी जांच के बाद केवल तीन प्रवेश द्वारों से ही प्रवेश की अनुमति दी गई। पूर्वी टॉवर के प्रवेश द्वार को आम जनता के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। कल रात यहां पहुंचे श्री शाह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के साथ बैठक की।
भाजपा के चुनाव रणनीतिकार श्री शाह ने रोड मैप पर चर्चा करने और चुनावों के लिए रणनीति तैयार करने के लिए तमिलनाडु पार्टी की राज्य कोर समिति की बैठक की भी अध्यक्षता की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, पूर्व प्रमुख के अन्नामलाई तमिलिसाई सौंदरराजन, सुश्री वनथी श्रीनिवासन सहित विधायक, पार्टी के प्रदेश महासचिव राम श्रीनिवासन, एच राजा सहित राष्ट्रीय शासी परिषद के सदस्य, पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक और पार्टी के प्रभारी सदस्यों सहित सभी शीर्ष वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। श्री शाह ने कहा, “शाम को भाजपा के राज्य, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे।”
गौरतलब है कि तमिलनाडु में 10 महीने से कम समय में ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसको लेकर उम्मीद की जा रही है श्री शाह सहयोगी दलों के साथ निकट समन्वय में अगले साल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की जीत सुनिश्चित करेंगे।
